
पुष्कर
पुष्कर में आयोजित 43 दिवसीय शत गायत्री पुनश्चरण महायज्ञ के समापन अवसर पर आध्यात्मिक लेखक और वरिष्ठ पत्रकार विजय कुमार शर्मा को विप्र रत्न सम्मान से अलंकृत किया गया। सेवा, साधना और संस्कारों के प्रति उनके निरंतर योगदान को विशेष रूप से रेखांकित करते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर सेवाभावी कार्यकर्ताओं के सम्मान में प्रसादी कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जिसमें अनेक व्यक्तियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में यज्ञ सम्राट प्रखर जी महाराज ने विजय कुमार शर्मा को सम्मानित करते हुए उनके साहित्यिक और आध्यात्मिक कार्यों की सराहना की। उनके द्वारा रचित परशुरामचरितम ग्रंथ को विशेष रूप से उल्लेखनीय बताते हुए समाज में जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रसार में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया गया। इसके साथ ही महायज्ञ में निरंतर सेवाएं प्रदान करने वाले नवीन शर्मा बिजयनगर को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन में सहयोग देने वाले अन्य सभी कार्यकर्ताओं को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी सेवाओं का अभिनंदन किया गया।
प्रखर जी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि सेवा और साधना से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। उन्होंने ब्राह्मण समाज के सम्मान को गौरव का विषय बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना की। सनातन धर्म रक्षा संघ अजयमेरू राजस्थान के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा ने कहा कि इस महायज्ञ के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक जागरूकता का व्यापक प्रसार हुआ है और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने वालों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणादायक है।
विजय कुमार शर्मा का साहित्यिक और आध्यात्मिक क्षेत्र में योगदान निरंतर प्रेरणास्पद रहा है। उनके लेख विभिन्न मंचों पर प्रकाशित होते रहते हैं, जिनमें भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक मूल्यों का समन्वित स्वरूप देखने को मिलता है। उनके कार्यों से समाज में सकारात्मक चेतना का विस्तार हुआ है और नई पीढ़ी को दिशा मिल रही है।
कार्यक्रम में डॉ कृष्णानंद जी महाराज, देवेंद्र त्रिपाठी, इंजीनियर अशोक शर्मा, तपस्वी गायत्री शर्मा, बृजेश गौड़, डॉ रश्मि शर्मा, सरला शर्मा, अरुणा भास्कर, अमोघ शर्मा, पंडित कैलाश नारायण दाधीच, अरुण पाराशर, इंद्र सिंह पंवार, लेखराज सिंह, किशन गुर्जर, सत्यनारायण भंसाली, शैलेन्द्र अग्रवाल, आनंद गोयल, अशोक पंसारी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सम्मानित व्यक्तियों को शुभकामनाएं प्रदान करते हुए आयोजन की गरिमा को बढ़ाया।
